राज्य स्तरीय लेजर रन चैंपियनशिप में बलियापुर के आदर्श ने लहराया परचम
अंडर-9 में रजत पदक हासिल कर बढ़ाया मान
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बिरसा मुंडा मेगा स्पोर्ट्स कंपलेक्स धनबाद में आयोजित फर्स्ट झारखंड स्टेट लेजर रन चैंपियनशिप 2026 -27 के बालक वर्ग अंडर 9 में बलियापुर के आदर्श कुमार महतो ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया है। आदर्श के पिता गौर चंद्र महतो प्रजन्य बीएड कॉलेज पहाड़पुर में क्लर्क हैं, जबकि मां सीमा कुमारी गृहिणी। बाल खिलाड़ी के इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों में हर्ष है। कम उम्र में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर अपने माता-पिता, परिजनों के साथ-साथ धनबाद का नाम रोशन किया है। वह फिलहाल गोविंदपुर स्थित क्रिसेंट इंटरनेशनल स्कूल में यूकेजी का छात्र है। खेलकूद के साथ-साथ वह पढ़ाई में भी होनहार है। इस सफलता पर प्रजन्य बीएड कॉलेज के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राओं में हर्ष है। कॉलेज की सचिव भाजपा नेत्री तारा देवी, प्राचार्य डॉक्टर सजल बनर्जी आदि ने छात्र आदर्श को बधाई दी है।