किराया नहीं देने वाले हटिया मार्केट की 4 दुकानें सील
बार-बार नोटिस के बावजूद नहीं जमा हुआ बकाया किराया
निगम ने दी अन्य दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद नगर निगम ने वर्षों से किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को निगम की टीम ने हटिया मार्केट की चार दुकानों को सील कर दिया। इन दुकानों पर पिछले चार से पांच वर्षों से किराया बकाया था। कार्रवाई के दौरान बाजार में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा। निगम ने साफ कर दिया है कि बकाया किराया नहीं चुकाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नगर निगम की प्रशासनिक टीम अधिकारियों की मौजूदगी में हटिया मार्केट पहुंची और बकाया किराया नहीं चुकाने वाली चार दुकानों को सील कर दिया। बताया गया कि इन दुकानदारों पर पिछले चार से पांच वर्षों का किराया बकाया था। कार्रवाई के दौरान बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नगर निगम के अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को दो से तीन बार नोटिस जारी कर बकाया किराया जमा करने का पर्याप्त अवसर दिया गया था। बावजूद इसके जब किराया जमा नहीं किया गया, तो निगम ने नियमानुसार दुकानों को सील करने की कार्रवाई की।
नगर निगम ने हटिया मार्केट के अन्य दुकानदारों को भी चेतावनी दी है कि जिनका किराया बकाया है, वे जल्द भुगतान कर दें। अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। निगम का कहना है कि राजस्व वसूली अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।