माय भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला सलाहकार सह समन्वय समिति की बैठक में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने सोमवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में मेरा युवा भारत (माय भारत) अंतर्गत गठित जिला सलाहकार सह समन्वय समिति की बैठक की। बैठक में माय भारत कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, युवाओं के व्यापक पंजीकरण तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर अभियान को गति प्रदान करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों को माय भारत के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए युवाओं को कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता संवर्धन, स्वयंसेवी गतिविधियों तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यक्रमों से जोड़ने हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में माय भारत पोर्टल पर अधिकाधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में माय भारत नोडल अधिकारी एवं माय भारत कैंपस एम्बेसडर का नामांकन शीघ्र सुनिश्चित करें तथा नियमित रूप से जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम आयोजित करें।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि जिले के सभी उच्च विद्यालयों, महाविद्यालयों, विभिन्न जिला स्तरीय विभागों एवं अन्य संबंधित हितधारकों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करते हुए प्रतिमाह माय भारत से संबंधित गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। इससे युवाओं को उपलब्ध अवसरों, स्वयंसेवी कार्यक्रमों, कौशल विकास एवं नेतृत्व निर्माण से संबंधित गतिविधियों का लाभ एकीकृत रूप से उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि माय भारत अभियान को जिले में जनभागीदारी आधारित पहल के रूप में संचालित किया जाए तथा सभी संबंधित विभाग निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि अधिकाधिक युवाओं को इस राष्ट्रीय मंच से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जा सके। बैठक में सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, जिला कौशल विकास पदाधिकारी, परियोजना पदाधिकारी (जिला ग्रामीण विकास अभिकरण), सचिव जिला रेड क्रॉस सोसायटी, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, भारत स्काउट्स एवं गाइड के प्रतिनिधि, एनसीसी तथा एनएसएस के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।