अतिक्रमण के विरुद्ध झरिया में चला बुलडोजर

अतिक्रमण के विरुद्ध झरिया में चला बुलडोजर

डीजे न्यूज, धनबाद:  झरिया प्रमुख बाजार स्थित वार्ड संख्या–36 के गांधी चौक के समीप सार्वजनिक सड़क एवं नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम ने विशेष अभियान चलाते हुए बुलडोजर से अतिक्रमण हटाया गया।
उक्त क्षेत्र में कई दुकानदारों द्वारा सार्वजनिक सड़क एवं नालियों का अतिक्रमण कर लिया गया था, जिसके कारण नगर निगम की सफाई टीम को नियमित साफ-सफाई एवं नालियों की सफाई कार्य में कठिनाई हो रही थी। साथ ही आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी, यातायात बाधित होने तथा जल निकासी प्रभावित होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
इस अभियान का नेतृत्व सहायक नगर आयुक्त शनि कुमार ने किया। अभियान से पूर्व संबंधित दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों को कई बार सूचना एवं चेतावनी दी गई थी कि वे स्वेच्छा से सड़क एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटा लें। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण नगर निगम को कार्रवाई करने के लिए बाध्य होना पड़ा।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क एवं नालियां आम जनता की सुविधा के लिए हैं। इन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है। भविष्य में भी चरणबद्ध (फेज़वाइज) तरीके से नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा तथा जहां भी सड़क एवं नालियों पर अवैध कब्जा पाया जाएगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण अभियान के दौरान नगर प्रबंधक विश्वनाथ भगत ने दुकानदारों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वेच्छा से सड़क एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाएं तथा नगर निगम के अभियान में सहयोग करें, ताकि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम यातायात युक्त बनाया जा सके।
इस अभियान में फूड इंस्पेक्टर अनिल कुमार, करण कुमार, पूनम ज्योति, स्वच्छता पर्यवेक्षक संजर आलम, अमित पांडे, सागर गुप्ता, सुनील  कुमार, पुनपुन कुमार, रंजीत कुमार सहित धनबाद नगर निगम की पूरी टीम एवं सफाई कर्मी मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top