बीआरसी टुंडी में बीडीओ का औचक छापा, आधा दर्जन कर्मी मिले गायब, उपस्थिति पंजी में काटी हाजिरी

बीआरसी टुंडी में बीडीओ का औचक छापा, आधा दर्जन कर्मी मिले गायब, उपस्थिति पंजी में काटी हाजिरी

डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) टुंडी में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विशाल कुमार पांडे के औचक निरीक्षण से हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 1:30 बजे बीडीओ जब बीआरसी कार्यालय पहुंचे तो निरीक्षण के दौरान करीब आधा दर्जन कर्मी कार्यालय से अनुपस्थित मिले। इस पर बीडीओ ने सभी अनुपस्थित कर्मियों की उपस्थिति पंजी में हाजिरी काटते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मियों में एमआईएस कॉर्डिनेटर मोहम्मद खालिद अहमद, लेखापाल सह कंप्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद एहतेशाम अहमद, बीपीओ गौतम कुमार दास, बीआरपी कुमार गौरव सहित अन्य कर्मी शामिल हैं। मौके पर उपस्थित बीपीओ उमेश कुमार पासवान से बीडीओ ने अनुपस्थित कर्मियों के संबंध में पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने बीपीओ को कड़ी फटकार लगाई। बीडीओ के औचक निरीक्षण की खबर फैलते ही शिक्षा विभाग के कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। कार्यालय में मौजूद कर्मियों के बीच पूरे मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। इस संबंध में बीडीओ विशाल कुमार पांडे ने देवभूमि झारखंड न्यूज़ से कहा, बीआरसी की लगातार शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मी अनुपस्थित पाए गए हैं। पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top