पिकअप से 3.24 लाख रुपये लेकर भाग रहे तीन अपराधियों को ग्रामीणों ने दबोचा, पुलिस को सौंपा
डीजे न्यूज, तोपचांची (धनबाद) : तोपचांची थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे स्थित लेदाटांड़ गांव के समीप शनिवार को हजारीबाग नंबर की एक स्कॉर्पियो में सवार तीन संदिग्ध अपराधियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार चार अपराधियों ने चौपारण से आसनसोल जा रही बंगाल नंबर की एक पिकअप वैन से 3 लाख 24 हजार 500 रुपये निकाल लिए थे और भाग रहे थे। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पिकअप वैन के चालक प्रीतम रजक ने बताया कि वह बगोदर से सब्जी व्यापारी गुड्डू से सब्जी का पैसा लेकर महाजन को देने के लिए आसनसोल जा रहा था। रास्ते में चाय पीने के लिए वह साहूबहियार स्थित राजस्थानी ढाबा के पास रुका। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार उसके पिकअप वैन के पास पहुंचे और वाहन का दरवाजा खोलकर पॉलीथिन में रखा नकद पैसा लेकर भागने लगे। चालक के अनुसार उसने घटना देख ली और तुरंत स्कॉर्पियो का पीछा शुरू कर दिया। लेदाटांड़ के पास उसने स्कॉर्पियो को ओवरटेक कर लिया। इस दौरान स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने अपनी गाड़ी मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन का गियर लॉक हो गया। इसके बाद चालक ने शोर मचाना शुरू किया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीन अपराधियों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बताया कि स्कॉर्पियो में कुल चार अपराधी सवार थे। पकड़ने के दौरान एक आरोपी ने रुपये से भरा बंडल पिकअप वैन के डाले में फेंक दिया, जिसे ग्रामीणों ने बरामद कर पुलिस को सौंप दिया। वहीं चौथा आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने स्कॉर्पियो से लोहे का रॉड तथा चाभियों का एक गुच्छा भी बरामद किया है। घटना के बाद सब्जी व्यापारी गुड्डू कुमार भी तोपचांची पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह थोक सब्जी का व्यापार करते हैं और चालक के माध्यम से महाजन के पास रुपये भेजे जा रहे थे।
मामले में पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूरी जानकारी मिलने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।