दिल्ली, मुंबई की तरह अब धनबाद में भी अभिनय कार्यशाला 

दिल्ली, मुंबई की तरह अब धनबाद में भी अभिनय कार्यशाला

नाट्य अभिनय, कैमरा एक्टिंग के बारे में मिलेगी जानकारी, सोशल मीडिया इंफ्लूयांसर होंगे मुख्य आकर्षण

धनबाद की नाट्य संस्था द ब्लैक पर्ल्स अागामी 18 से 24 जुलाई तक कर रहा आयोजन

डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद की जानी मानी नाट्य संस्था द ब्लैक पर्ल्स धनबाद की ओर से आगामी 18 से 24 जुलाई तक सात दिवसीय अभिनय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह पहली बार होगा कि दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता की तरह धनबाद में ऐसी कार्यशाला आयोजित हो रही है। इसमें विशेष रूप से नाट्य अभिनय, कैमरा एक्टिंग के विषय में जानकारी दी जाएगी। इस कार्यशाला का मुख्य आकर्षण सोशल मीडिया इंफ्लूयांसर होंगे। वर्तमान समय में सोशल मीडिया पर रील, वीडियो स्टोरी बनाने का प्रचलन बढ़ा है। यूट्यूब वीडियो भी बनाए जा रहे हैं। इसमें कंटेट और अभिनय बहुत ही महत्वूपर्ण कड़ी है। इसके लिए प्रशिक्षण की आवश्यकता है। आवाज माड्यूलेशन, व्यक्तित्व विकास को लेकर भी इस कार्यशाला में जानकारी दी जाएगी। इसके कार्यशालस में प्रशिक्षक के रूप में अलवर राजस्थान के नाट्य गुरू डा. देशराज मीणा, कोलकाता पश्चिम बंगाल से सुश्री मोनालीसा दास, झारखंड से ऋषिकेश लाल जी प्रशिक्षण देंगे। प्रेस वार्ता के दौरान कार्यशाला संयोजक शारदा गिरी ने कार्यक्रम की रूप रेखा से अवगत कराया और वक्ताओं का परिचय कराया।

द ब्लैक पर्ल्स के संरक्षक और आयोजन मंडली के अध्यक्ष बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय झा ने कहा कि पूरे कार्यक्रम का संयोजन द ब्लैक पर्ल्स की सुश्री शारदा गिरी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि रंगमंच और फिल्मों में अभिनय करने के इच्छुक सभी आयु वर्ग के लिए यह कार्यशाला काफी लाभप्रद रहेगी। बीते सालों में यहां कुछ बड़े निर्माता धनबाद पहुंचे। अभिनय के क्षेत्र में पद्मश्री सम्मान प्राप्त मनोज वाजपेयी की फिल्म जोरम की शुटिंग झारखंड में हुई, फिल्म अभिनेता सौरभ शुक्ला, संजय मिश्रा जैसे बड़े कलाकार यहां पहुंचे हैं। आने वाले दिनों में भी कई फिल्मों और वेव सीरिज का निर्माण होना है। इनके लिए भी धनबाद के कलाकार प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। यह कार्यशाला उन उभरते कालाकारों के लिए काफी महत्वपूर्ण है, जो फिल्म अथवा थिएटर में अभिनय करना चाहते हैं। द ब्लैक पर्ल्स की सुश्री शारदा कुमारी गिरी बालीवुड फिल्मों से जुड़ी हुई हैं और लगातार प्रयासरत हैं कि विशेष रूप से धनबाद के कलाकारों को उचित जगह मिले। इसलिए 18 से 24 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला में अभिनय के विभिन्न आयामों, मेकअप, क्सट्यूम, स्टेज डिजाइनिंग के साथ-साथ कैमरा के सामने अभिनय की बारिकियों की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला में सीटें निर्धारित हैं। 50 से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को नहीं लिया जाएगा। कार्यशाला में भाग लेने के लिए कोई उम्र सीमा नहीं है।

इस दौरान कोयलांचल भारत कोकिंग कोल् नृत्य, संगीत एवं नाच संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद, आर्टिस्ट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सचिव कैश आलम, आरोही नाट्य मंच के निर्देशक संजय भारद्वाज, संजीव कुमार प्रोडक्शन के संजीव कुमार और लाइन प्रोड्यूसर राम प्रवेश, किशोर झा उपस्थित थे।

प्रशिक्षकों के बारे में जानिए

डा. देशराज मीणा – आप मूलरूप से अलवर, राजस्थान के रहने वाले हैं। आप ने यूनिवर्सिटी आफ राजस्थान, जयपुर से डाक्ट्रेट की डिग्री प्राप्त की है। आप ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी, न्यूयार्क की शैक्षणिक यात्रा भी की है। आप रंग संस्कार थिएटर ग्रुप के फाउंडर हैं और आप ने 20 दिवसीय, 75 दिवसीय और 100 दिवसीय नाट़य महोत्सव आयोजित किया है। जो एक विश्व रिकार्ड है। इसके अलावा आप ने नाट़य, अभिनय को लेकर 30 से अधिक रिसर्च पेपर भी प्रकाशित हो चुके हैं। इसमें 08 रिसर्च पेपर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हुए हैं। राजस्थान में प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाल मत्स्य महोत्सव, अलवर रंग महोत्सव और अलवर रंगम के मुख्य फाउंडर हैं।

सुश्री मोनालीसा दास – आप मूलरूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता से हैं। आप ने मास्टर डिग्री प्राप्त की हैं। आप 2022 से नाट्य कला और बंगाली फिल्मों के अभिनय से जुड़ी हुई हैं। आप वेस्ट बंगाल मोशन पिक्चर्स और बांगिया सांस्कृति समसद, पूर्ण महाराष्ट्र से जुड़ी हुई हैं। आप ने बीते चार सालों से लगातार प्रत्येक वर्ष 30 दिवसीय बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ कालाकारों के लिए नाट्य कार्यशाला का आयोजन करते आ रही हैं। आप ने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के भारत रंग महोत्सव में प्रदर्शन किया है। इसके अलावा बांग्लादेश में भी कई नाट्यट प्रस्तुतियां देने के साथ कार्यशालाएं आयेाजित की हैं।

ऋषिकेश लाल-आप युवा नाट्य संगीत अकादमी रांची झारखंड के संस्थापक हैं। आप ने अपना पूरा जीवन नाट्य कला को समर्पित कर दिया है। प्रत्येक साल आपके माध्यम से झारखंड की राजधानी रांची में छोटानागपुर रंग महोत्सव का आयोजन किया जाता है। आप ने एनएसडी दिल्ली के अलावा पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों में नाट्य कार्यशालाओं में प्रमुख भूमिका अदा की है। आप ने नाट्य कलाकारों के लिए एक आश्रम भी संचालित कर रहे हैं। जहां कलाकारों को रहने और भोजन की निश्शुल्क व्यवस्था है।

सुश्री शारदा कुमारी गिरी-धनबाद की रहनेवाली सुश्री शारदा कुमार गिरी ने नाट्य कला में मास्टर की डिग्री प्राप्त की हैं। थिएटर के क्षेत्र में 2016 से शुरूआत की और देश के सभी बड़े रंगमंचों पर अपने अभिनय को लोहा मनवाया। आप थिएटर के अलावा बालीवुड फिल्मों से जुड़ी हुई हैं। आप ने देश के प्रतिष्ठित फिल्म अभिनेता मनोज वाजपेयी, सौरभ शुक्ला के साथ फिल्मी पर्दे को साझा किया है। आप फिल्मों की कास्टिंग एसोसिएट्स हैं। इसके अलावा आप द ब्लैक पर्ल्स धनबाद की अध्यक्ष हैं। नाट्य क्षेत्र में आपको दर्जनों उपलब्धियां और सम्मान प्राप्त हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top