अनुसंधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : एसपी
हीरोडीह थाना पहुंचे एसपी, लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा थाना स्तर पर पुलिस कार्यों में सुधार के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को हीरोडीह थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के अभिलेखों, लंबित मामलों, अपराध नियंत्रण की स्थिति तथा पुलिस अधिकारियों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना के सिरिस्ता से संबंधित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं पंजियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने रिकॉर्ड को अद्यतन रखने और कार्यालयीन कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
उन्होंने क्षेत्र के चिन्हित अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन पर लगातार निगरानी रखने तथा अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। वहीं लंबित कांडों की समीक्षा के दौरान अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित अनुसंधान कर मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश देते हुए लंबित वारंट और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानून से बचने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के बाद थाना में पदस्थापित सभी पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक एवं ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को क्षेत्र में मुस्तैदी के साथ गश्त करने, आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि थाना स्तर पर अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम लोगों को समय पर न्याय दिलाना और अपराधियों में कानून का भय कायम रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।