एसडीएम ने किया वासेपुर के दो साइबर कैफे का औचक निरीक्षण राशि लेकर एसआइआर फॉर्म भर रहे ‘गल्फ जॉब’ साइबर कैफे को किया सील मतदाताओं से अपील – फॉर्म भरने के लिए बीएलओ, बीएलए – 2 की ले सहायता

एसडीएम ने किया वासेपुर के दो साइबर कैफे का औचक निरीक्षण

राशि लेकर एसआइआर फॉर्म भर रहे ‘गल्फ जॉब’ साइबर कैफे को किया सील

मतदाताओं से अपील – फॉर्म भरने के लिए बीएलओ, बीएलए – 2 की ले सहायता

डीजे न्यूज, धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) में फॉर्म भरने की प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने वासेपुर क्षेत्र में संचालित दो साइबर कैफे का औचक निरीक्षण किया। इस क्रम में वासेपुर स्थित ‘गल्फ जॉब’ साइबर कैफे में राशि लेकर एसआइआर फॉर्म भरे जाने का मामला प्रकाश में आया। एसडीएम के निर्देशानुसार उक्त साइबर कैफे को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

इसके बाद एसडीएम ने एक अन्य साइबर कैफे ‘रूशान कम्युनिकेशन’ में औचक निरीक्षण किया। जांच पड़ताल करने के बाद उन्होंने संचालक को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि एसआइआर फॉर्म भरने में मतदाता केवल बीएलओ, बीएलए 2, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की सहायता ले सकते हैं। किसी साइबर कैफे संचालक या अन्य व्यक्तियों द्वारा इसमें हस्तक्षेप करना अनाधिकृत है।

कार्रवाई के बाद एसडीएम ने आम जनता और विशेषकर मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े फॉर्म को भरने के लिए किसी भी निजी या अनाधिकृत साइबर कैफे की सेवाएं न लें। मतदाता फॉर्म को जमा करने या सुधार के लिए केवल बूथ लेवल ऑफिसर, बूथ लेवल एजेंट-2, सुपरवाइजर, वॉलेंटियर्स की ही सहायता लें, ताकि उनकी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रहे और प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।

एसडीएम ने बताया कि ‘गल्फ जॉब’ साइबर कैफे में राशि लेकर एसआइआर फॉर्म भरने की सूचना मिली थी, जो निरीक्षण के दौरान सही मिली। उन्होंने कहा कि इसकी कोई गारंटी नहीं है कि साइबर कैफे संचालक फॉर्म में सही जानकारी भर रहे हैं। यह काम बूथ लेवल ऑफिसर, बूथ लेवल एजेंट-2, सुपरवाइजर, वॉलेंटियर्स का है। एसडीएम ने कहा कि कोई भी साइबर कैफे संचालक या व्यक्ति चुनाव कार्य का व्यवसायीकरण और उसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकता है। यह एक अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के अनाधिकृत कार्यों में लिप्त पाए जाने वाले साइबर कैफे और व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ में कहा कि आगे भी इसी तरह से औचक निरीक्षण जारी रहेगा।

निरीक्षण के दौरान एनडीसी दीपक कुमार दुबे, नगर निगम के इंस्पेक्टर अनिल कुमार, एसडीएम कार्यालय के विनोद सिंह के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top