रेल जीएम से मिला ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन सीएलआई बंगाली चैंपिया की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग

रेल जीएम से मिला ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन

सीएलआई बंगाली चैंपिया की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग

 

डीजे न्यूज, धनबाद: ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन, धनबाद शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को रेल महाप्रबंधक से मुलाकात कर सीएलआई बंगाली चैंपिया की मौत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। संगठन ने मामले में संबंधित वरिष्ठ अधिकारी की भूमिका की जांच कराने तथा उन्हें पद से हटाने या स्थानांतरित करने की भी मांग उठाई।

एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में जीएम से मिलने पहुंचे प्रतिनिधियों ने कहा कि हाल ही में सीएलआई बंगाली चैंपिया ने राजधानी एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। उनका आरोप है कि 13 जून को एक वरिष्ठ डीईई (Senior DEE) द्वारा बंगाली चैंपिया के साथ कथित रूप से बदसलूकी, धक्का-मुक्की की गई थी तथा उनका मोबाइल फोन और चश्मा भी तोड़ दिया गया था। संगठन का दावा है कि इस घटना से वह मानसिक रूप से काफी आहत थे।

एसोसिएशन का कहना है कि मृतक की पत्नी ने भी इन आरोपों का उल्लेख किया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन ने जीएम से आग्रह किया कि मामले की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो।

मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि यदि रेलवे स्तर पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर मामले की सीआईडी जांच की भी मांग करेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top