समाज और क्षेत्र के विकास के लिए एनडीए से जुड़ें अल्पसंख्यक समुदाय: जामा खान
डीजे न्यूज, झरिया (धनबाद): बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और जदयू के चैनपुर विधायक मो जामा खान सोमवार को जोड़ापोखर एक नंबर बस्ती पहुंचे। अपने रिश्तेदार इकबाल खान के घर एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में अल्पसंख्यकों को एनडीए के साथ जुड़ने की अपील की।
मंत्री जामा खान ने कहा कि देश के अल्पसंख्यकों को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। । उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियां अल्पसंख्यक समुदाय को डराकर वोट बैंक की राजनीति करती हैं। इसलिए झारखंड के अल्पसंख्यक समुदाय निर्भीक होकर समाज और क्षेत्र के विकास के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ जुड़ें। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले की सरकारों ने अल्पसंख्यक समाज को सिर्फ ठगने का काम किया था। पहले अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए बजट मात्र 3 करोड़ 53 लाख रुपये हुआ करता था, जिसे वर्तमान नीतीश सरकार ने बढ़ाकर 1,000 करोड़ रुपये कर दिया है। उन्होंने बताया कि पूर्व की सरकार में मदरसा शिक्षकों को मात्र 1,000 रुपये मासिक वेतन मिलता था, जिसे नीतीश सरकार ने बढ़ाकर लगभग 7,000 रुपये प्रति माह कर दिया है। बिहार सरकार के कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि पहले बिहार में कब्रिस्तान की जमीनों पर धड़ल्ले से अतिक्रमण होता था। लेकिन जदयू सुप्रीमो और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के 10,000 कब्रिस्तानों की घेराबंदी करवाकर उन्हें सुरक्षित किया है।
शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे कार्यों पर जामा खान ने बताया कि बिहार के हर जिले में अल्पसंख्यक समाज के बच्चों के लिए आधुनिक आवासीय विद्यालय खोलने की योजना पर सरकार गंभीर है। कई जिलों में विद्यालय बनकर तैयार भी हो चुके हैं। इन विद्यालयों में लगभग 600 बच्चों को मुफ्त भोजन, कपड़े, किताबें और अन्य जरूरी सामग्रियां दी जा रही हैं। मंत्री ने झारखंड के लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर एनडीए सरकार का समर्थन करें ताकि यहां भी बिहार की तर्ज पर विकास हो सके। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को अब जागरूक होकर अपना हक लेना होगा। कार्यक्रम में बिहार के भभुआ से भाजपा विधायक भरत बिंद, रवि सिंह, जिया खान,नौशाद खान, परवेज खान, आमिर खान, याहिया खान, मुन्ना अंसारी थे।