गिरिडीह के रोजगार मेले में 82 अभ्यर्थियों का चयन, 90 शॉर्टलिस्ट
युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है राज्य सरकार : उपायुक्त रामनिवास यादव
बारिश के कारण मंगलवार को भी जारी रहेगा मेला
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर, गिरिडीह द्वारा झंडा मैदान में रोजगार मेला-2026″ का सफल आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जोड़ना था। बारिश को देखते हुए इस मेले को मंगलवार तक बढ़ा दिया गया है।
मेले में बड़ी संख्या में जिले के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन प्रक्रिया के उपरांत 82 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया, जबकि 90 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट कर आगामी चरण की प्रक्रिया के लिए चयनित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव, महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने रोजगार मेले का अवलोकन किया तथा विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अभ्यर्थियों से संवाद भी किया।
इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे रोजगार मेले युवाओं और नियोजकों के बीच एक प्रभावी मंच का कार्य करते हैं, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को उनकी क्षमता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को सशक्त बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा ने गिरिडीह जिले के युवाओं को बेहतर से बेहतर रोजगार के विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। ताकि जिले में बड़ी-बड़ी कंपनियों के द्वारा जिले के युवाओं को चिन्हित कर रोजगार मुहैया कराया जा सके। जिससे कि उनका भविष्य बेहतर हो सके। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों का मनोबल बढ़ेगा और उनको रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने भाग लेते हुए अपनी आवश्यकतानुसार अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया संपन्न की।