झमाडा का पाइप लाइन क्षतिग्रस्त, जलापूर्ति प्रभावित
डीजे न्यूज, केंदुआ(धनबाद): धनबाद- बोकारो सड़क के केंदुआ में भू धंसान स्थल के नीचे से गुजरी झमाडा का 12 इंच वाटर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गया है। गोधर से जलापूर्ति शुरू होने के बाद पाइप का पानी घरों तक पहुंचने के बदले गोफ में ही समा गया। घटना से करीब दो सौ घरों में जलापूर्ति बाधित है। गोधर जलागार से गोधर गंसाडीह, केंदुआ पूल, गोपालीचक हिंदी भवन तक गयी पाइप लाइन धनबाद बोकारो सड़क के करीब 10 से 12 फ़ीट नीचे से गुजरी है। केंदुआ जीएम बंगला के सामने धनबाद बोकारो सड़क के नीचे से गुजरी पाइप हाल में हुई वर्षा से भू गर्भ में भूधंसान व ऊपर से सड़क के दबाव से क्षतिग्रस्त हो गया है।झमाडा कर्मी मो जाकिर ने कहा कि पाइप के क्षतिग्रस्त होने से आवासीय इलाको में काफी कम मात्रा में पानी मिलने की शिकायत मिली है।घटना की जमकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गयी है। सड़क के दूसरे तरफ के लेन के मात्र पांच फीट नीचे से पुटकी से गोधर जलागार तक जलापूर्ति करने वाला 18 इंच व केंदुआ मुख्य शहर के आवसीय इलाको में पानी सप्लाई करनेवाला 14 इंच का पाइप गुजरा है। जिसपर खतरा बढ़ गया है। सड़क धंसने की प्रक्रिया जारी रही तो मेन पाइप लाइन भी टूट सकता है। फलस्वरूप बड़ी आबादी पर पानी का संकट उतपन्न हो सकता है।
आरसीडी ने नही दिया आदेश
15 अप्रैल को सड़क धंसने के बाद झमाडा ने आवासीय इलाको में जलापूर्ति करनेवाले पाइप को केंदुआ थाना के सामने ब्लॉक करने व केंदुआ पुल के पास 18 इंच से 12 इंच के पाइप को जोड़ने की योजना बनाई थी ताकि जलापूर्ति निर्बाध गति से जारी रहे। लेकिन सड़क निर्माण विभाग ने सड़क के काटने पर आपत्ति जताई।फलस्वरूप 12 इंच को 18 इंच से जोड़ने की प्रक्रिया रुक गयी। झमाडा ने इसके लिए सड़क कें दो जगहो पर खुदाई भी कर ली थी।