टुंडी से निकल अब पीरटांड़ का बोरा पहाड़ी पहुंचा 40 हाथियों का झुंड, ग्रामीणों को किया सतर्क 

टुंडी से निकल अब पीरटांड़ का बोरा पहाड़ी पहुंचा 40 हाथियों का झुंड, ग्रामीणों को किया सतर्क

डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड के बोरा पहाड़ी जंगल में शनिवार शाम करीब पांच बजे 35 से 40 जंगली हाथियों के झुंड के पहुंचने की सूचना के बाद आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन क्षेत्र से सटे गांवों के लोगों को रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हाथियों का झुंड टुंडी से वापस पीरटांड़ पहुंच गया है।

ग्रामीणों को मुनादी और अन्य माध्यमों से सूचना दी गई कि हाथियों का झुंड जंगल में विचरण कर रहा है। ऐसे में रात के समय सतर्क रहकर पहरा दें तथा आवश्यकता पड़ने पर हाथियों से बचाव के लिए मशाल सहित अन्य पारंपरिक साधन तैयार रखें। हालांकि लोगों से यह भी अपील की गई है कि बिना आवश्यकता हाथियों के पास न जाएं और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उन्हें उकसाने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे जान-माल का खतरा बढ़ सकता है।

वन क्षेत्र से जुड़े ग्रामीणों को बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने, रात में अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने तथा हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत आसपास के लोगों और संबंधित अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया है।

हाथियों के झुंड की सूचना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग पूरी रात सतर्क रहने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top