जून में 509 पुराने मामलों की चार्जशीट व अंतिम प्रतिवेदन कोर्ट में दाखिल

जून में 509 पुराने मामलों की चार्जशीट व अंतिम प्रतिवेदन कोर्ट में दाखिल

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद जिले में वर्षों से लंबित आपराधिक मामलों के निष्पादन को लेकर धनबाद पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की निगरानी में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जून माह में जिले के विभिन्न थानों के 509 पुराने मामलों में चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन माननीय न्यायालय में समर्पित किया गया। इनमें कई ऐसे मामले भी शामिल हैं जो वर्षों से लंबित थे।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई मामलों में अनुसंधान पूरा होने के बावजूद तकनीकी, प्रशासनिक और प्रक्रियागत कारणों से चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में दाखिल नहीं हो सका था। दस्तावेजों के सत्यापन, केस डायरी के संकलन और अन्य औपचारिकताओं में देरी के कारण भी कई मुकदमे अटके हुए थे। इन कमियों को दूर करने के लिए विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई शुरु की गई।

उन्होंने कहा कि न्यायालय में चार्जशीट और अंतिम प्रतिवेदन दाखिल होने के बाद अब इन मामलों में ट्रायल की प्रक्रिया तेज होगी, जिससे पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी आगे बढ़ेगी।

एसएसपी  ने स्पष्ट किया कि पुराने लंबित मामलों के निष्पादन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन मामलों में अब तक चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन दाखिल नहीं हो सका है, उनकी भी समीक्षा कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। धनबाद पुलिस का उद्देश्य लंबित मामलों की संख्या कम करना, न्यायिक प्रक्रिया को गति देना तथा आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top