युवाओं के ज्ञान, संस्कार, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति पर देश का उज्जवल भविष्य निर्भर : प्रो विनीता
श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भाजपा महिला मोर्चा ने किया भव्य छात्र सम्मेलन का आयोजन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश द्वारा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भव्य छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, शिक्षकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस मौके पर मुख्य वक्ता भाजपा के प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान, शिक्षा के क्षेत्र में उनकी दूरदर्शी सोच तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है। कार्यक्रम प्रभारी भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो विनीता ने विद्यार्थियों से कहा कि वे राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ शिक्षा, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन का आधार बनाएँ। उन्होंने कहा कि भारत का उज्ज्वल भविष्य युवाओं के ज्ञान, संस्कार, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्तिपर निर्भर करता है। पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व महापौर प्रकाश सेठ ने कहा कि आज का युवा यदि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करे, तो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प और अधिक सशक्त होगा। सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति, देशहित और समाज सेवा के प्रति अपने दायित्वों का संकल्प लिया। कार्यक्रम में युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और जनजागरण के कार्यों को पहुँचाने का संकल्प भी दोहराया। मंच संचालन पूर्व नगर आध्यक्ष हरमिंदर सिंह बग्गा ने किया। मौके पर विशिष्ठ अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा एवं वर्तमान देवघर जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, ई विनय सिंह, जिला महामंत्री संदीप डंगाइच, सिंकू सिन्हा, देवराज, अजय सिंस, सुरेश मंडल, अनूप सिन्हा, राजेश जायसवाल, संतोष गुप्ता, मनोज संघई, अमित आर्या, सरिता शर्मा,बबली साव,रामबाबू साव, श्रेयांश सौरभ आदि उपस्थित रहे। अंत में मुनिया देवी ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार और आदर्श सदैव राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते रहेंगे। सम्मेलन का समापन भारत माता की जय, वंदे मातरम्” तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अमर रहें के उद्घोष के साथ हुआ।