गिरिडीह में स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियोस्क की सुविधा तत्काल शुरू हो : सुनील खंडेलवाल 

गिरिडीह में स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियोस्क की सुविधा तत्काल शुरू हो : सुनील खंडेलवाल

रांची–जमशेदपुर में सुविधा तो गिरिडीह क्यों वंचित ? डिजिटल इंडिया का लाभ हर जिले तक पहुंचे

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सामाजिक एवं सूचना अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने भारत सरकार के डाक विभाग के महानिदेशक, नई दिल्ली तथा मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, झारखंड परिमंडल, रांची सहित डाकघर अधीक्षक, गिरिडीह को पत्र प्रेषित कर गिरिडीह प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियोस्क की सुविधा अविलंब प्रारंभ करने की मांग की है।

खंडेलवाल ने कहा कि गिरिडीह जैसे महत्वपूर्ण जिला मुख्यालय में यह आधुनिक सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न संस्थानों को स्पीड पोस्ट कराने के लिए लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। इससे लोगों के समय की अनावश्यक बर्बादी होती है और कई बार रसीद निर्गत होने में भी तकनीकी एवं व्यवस्थागत कठिनाइयाँ उत्पन्न हो जाती हैं, जिससे आमजन को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब यह सुविधा रांची एवं जमशेदपुर जैसे डाकघरों में सफलतापूर्वक संचालित है, तब गिरिडीह के नागरिकों को इससे वंचित रखना उचित नहीं है। सरकार की डिजिटल इंडिया, ई-गवर्नेंस तथा नागरिक-केंद्रित सेवाओं की भावना के अनुरूप यह सुविधा गिरिडीह में भी तत्काल उपलब्ध कराई जानी चाहिए। खंडेलवाल ने मांग की है कि गिरिडीह प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियोस्क की स्थापना शीघ्र की जाए, आवश्यक तकनीकी संसाधन एवं प्रशिक्षित कर्मियों की व्यवस्था की जाए तथा तब तक स्पीड पोस्ट काउंटरों की संख्या बढ़ाकर आम नागरिकों को लंबी कतारों से राहत दी जाए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डाक विभाग जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा, ताकि गिरिडीह जिले के लाखों नागरिकों को भी देश के अन्य प्रमुख शहरों की तरह आधुनिक, पारदर्शी एवं त्वरित डाक सेवाओं का लाभ मिल सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top