विकास में बाधक विधायक अरूप चटर्जी अरबों की संपत्ति के हैं मालिक, जांच कराए सरकार
सांसद ढुलू महतो ने लगाया बड़ा आरोप, निरसा में निर्माणाधीन एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण कार्य रूकने से दोनों के बीच बढ़ी तल्खी
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो और निरसा के भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी के बीच निरसा में निर्माणाधीन एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। दोनों नेता एक दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप लगा रहे है।
बीते दिन निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने सांसद ढुलू महतो पर हमला करते हुए 40 हजार करोड़ रुपये की सम्पति होने का आरोप लगाया था। साथ खुली चुनौती देते हुए निर्दलीय चुनाव में आमने सामने आने को कहा था। इसके बाद मंगलवार को सांसद ढुलू महतो ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी पर पटलवार किया है। धनबाद के सर्किट हाउस में सांसद ढुलू महतो ने प्रेस वार्ता कर निरसा विधायक पर कई आरोप लगाए।
सांसद ने कहा कि निरसा विधायक विकास बाधक हैं। शिलान्यास के नाम पर करोड़ो की रंगदारी मांग रहे हैं। जब रंगदारी नही मिला तो निरसा में निर्माणाधीन एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण को रोक दिया।अपने पार्टी का झंडा वहाँ लगा दिया है।
जिला प्रशासन से मांग है कि ऐसे विधायक पर कार्रवाई करे। अगर जिला प्रशासन कार्रवाई नही करते है तो वह सड़क पर उत्तरकर आंदोलन करेंगे। विकास बाधक लोगो को सबक सिखाने का काम करेंगे। निरसा विधायक आज अरबो के मालिक बन चुके है। सांसद ने कहा कि अरूप चटर्जी अरबों की संपत्ति के मालिक हैं। सरकार इसकी जांच कर कार्रवाई करे।
प्रेस वार्ता में सत्येंद्र कुमार, नितीन भट्ट, संजय कुमार झा, मिल्टन पार्थसारथी समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे।