शक्ति चौक के पास ब्रेकर पर रेडियम और स्ट्रीट लाइट की मांग
हादसों से लोगों में आक्रोश
डीजे न्यूज, धनबाद: तेतुलमारी के शक्ति चौक के समीप स्थित स्पीड ब्रेकर पर रेडियम रिफ्लेक्टर नहीं होने और आठ लेन सड़क पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के अभाव में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय अंधेरा रहने से वाहन चालकों को ब्रेकर समय पर दिखाई नहीं देता, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। कई लोग अब तक घायल हो चुके हैं। अधिवक्ता बबलू महतो ने कहा कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि स्पीड ब्रेकर पर तत्काल रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित किए जाएं तथा आठ लेन सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यह मामला आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा है और इसमें लापरवाही गंभीर साबित हो सकती है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो वे संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के साथ जनहित में आंदोलन भी करेंगे। इस दौरान बबलू महतो, राजू महतो, महावीर, उमेश टुडू, मंटू महतो, अरुण सोरेन, लाल बाबा समेत अन्य स्थानीय लोग मौजूद थे।