राजगंज में पिकअप वैन ने तीन वाहनों को मारी टक्कर, एक जख्मी
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार जयदेव मोदक (केशलपुर) गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
कतरास की ओर से आ रही एक बोलेरो पिकअप वैन ने पहले सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित वाहन ने एक गोगो टेंपो और उसके आगे खड़े ट्रैक्टर को भी अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक अपना वाहन लेकर मौके से चला गया, जबकि पिकअप वैन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
दुर्घटना में घायल बाइक चालक को स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से पहले कतरास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन तथा बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच कर रही है।