सड़क हादसे में मृत सुजीत के परिजनों से मिले मंत्री, मुआवजा भुगतान का निर्देश
डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कठवारा में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पालगंज निवासी सुजीत गुप्ता के घर शुक्रवार को मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पहुंचकर शोकाकुल स्वजनों से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत के स्वजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। मंत्री ने मौके पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी को मृतक के आश्रितों को नियमानुसार मिलने वाली सरकारी सहायता एवं मुआवजा राशि का भुगतान अविलंब सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और प्रशासन इस मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करे।
मृतक के घर का माहौल बेहद गमगीन था। सुजीत गुप्ता की असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है। उनकी पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल था। दोनों बार-बार बेसुध हो जा रही थीं, जिन्हें परिजन संभालने का प्रयास कर रहे थे। परिजनों के चित्कार से वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। गौरतलब है कि गुरुवार को कठवारा के समीप दो बाइकों की टक्कर में पालगंज निवासी सुजीत गुप्ता की मौत हो गई थी, जबकि उनका दस वर्षीय पुत्र घायल हो गया था। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से फरार हो गया था। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।