स्थानीय युवाओं को रोजगार में दें प्राथमिकता : आम आदमी पार्टी
ईगलदीप कोल प्राइवेट लिमिटेड प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन
डीजे न्यूज,धनबाद : स्थानीय बेरोजगार युवाओं एवं विस्थापित परिवारों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने ईगलदीप कोल प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
आप नेता शदरे आलम ने महाप्रबंधक को बताया कि कंपनी के स्थानीय स्तर पर संचालन के बावजूद क्षेत्र के योग्य बेरोजगार युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनमें निराशा बढ़ रही है। उन्होंने मांग की कि कंपनी में भविष्य में होने वाली नियुक्तियों में स्थानीय युवाओं और विस्थापित परिवारों को प्राथमिकता दी जाए।
महाप्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि कंपनी स्थानीय क्षेत्र के विकास और युवाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कंपनी की नीतियों एवं नियमों के अनुरूप स्थानीय विस्थापितों और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उनके कौशल विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मौके पर जावेद अख्तर, राजेश कुमार सरकार, मो. अशफाक, अफताब अंसारी, जयदेव बाउरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।