एम्बुलेंस कर्मचारी संघ की बैठक संपन्न
अधिकार दिलाने व समस्याओं के समाधान को बनाई रणनीति
डीजे न्यूज, धनबाद: बुधवार को लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट हॉस्पिटल, धनबाद में झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने की।
बैठक में मुख्य रूप से झारखंड राज्य में संचालित 108 एम्बुलेंस सेवा में कार्यरत कर्मचारियों के श्रमिक अधिकार, सामाजिक सुरक्षा एवं सेवा संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया, श्रम नियोजन के अंतर्गत अधिकार, न्यूनतम वेतन, भविष्य निधि , कर्मचारी राज्य बीमा, अवकाश, बोनस तथा अन्य वैधानिक सुविधाओं को सुनिश्चित कराने के विषय पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान यह चिंता व्यक्त की गई कि वर्तमान समय में अनेक कर्मचारियों को श्रम कानूनों एवं सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार मिलने वाली सुविधाएं पूर्ण रूप से प्राप्त नहीं हो रही हैं। कर्मचारियों को उनके वैधानिक अधिकार दिलाने एवं समस्याओं के समाधान हेतु आगामी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
संघ द्वारा झारखंड सरकार से आग्रह किया गया कि वर्तमान सेवा प्रदाता संस्था सम्मान फाउंडेशन का कार्यकाल समाप्त होने के उपरांत 108 एम्बुलेंस सेवा संचालन हेतु जिस भी नई संस्था का चयन किया जाए, उसके वित्तीय, तकनीकी एवं प्रशासनिक रिकॉर्ड की गहन जांच की जाए।
यह सुनिश्चित किया जाए कि चयनित संस्था श्रम कानूनों, श्रम नियोजन नियमों एवं सरकार द्वारा निर्धारित सभी शर्तों का पूर्ण अनुपालन करने में सक्षम हो तथा कर्मचारियों को पी एफ , इएसआइ , न्यूनतम वेतन एवं अन्य सभी वैधानिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराए।
बैठक में कर्मचारियों द्वारा यह मांग की गई कि नई सेवा प्रदाता संस्था के चयन में कर्मचारियों के हितों, सामाजिक सुरक्षा एवं श्रमिक अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि भविष्य में कर्मचारियों का शोषण न हो तथा राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा सुचारू एवं बेहतर तरीके से संचालित होती रहे।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि अप्रैल 2026 से 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का वेतन भुगतान लंबित है। इस संबंध में संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी द्वारा एनजीओ सेल के नोडल पदाधिकारी राहुल किशोर से जानकारी लेने हेतु वार्ता की गई।
वार्ता के दौरान राहुल किशोर द्वारा बताया गया कि 108 एम्बुलेंस कर्मचारी आउटसोर्सिंग एजेंसी के अंतर्गत कार्यरत हैं, इसलिए यह विषय एनजीओ सेल के अंतर्गत नहीं आता है। साथ ही संस्था एवं विभाग के बीच चल रही प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देने से उन्होंने असमर्थता व्यक्त की। कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान की संभावित तिथि के संबंध में भी कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।
संघ ने मांग की है कि कर्मचारियों का लंबित वेतन भुगतान अविलंब कराया जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य रूप से धनबाद जिला सचिव रविन्द्र शर्मा, उपाध्यक्ष मेनन कुमार, सह सचिव पिंकू कुमार महतो, संगठन मंत्री सुखवीर उरांव, कोषाध्यक्ष राहुल कुमार, उप कोषाध्यक्ष सुरेंद्र महतो, जयराम हेंब्रम, कार्तिक भंडारी, एकलाख अहमद, सनी कुमार, संजय महतो, सुरेंद्र गोप, अशोक यादव, विजय कुमार, राहुल कुमार, रवि वर्मा, मेघनाथ महतो, नयन मंडल सहित धनबाद जिला के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।