विविध खबरें:-

विविध खबरें:-

उपायुक्त ने किया तोपचांची के एमटीसी का दौरा

स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो रहे बच्चे को गोद में लेकर जताया दुलार

डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त आदित्य रंजन ने बुधवार को तोपचांची स्थित 10 बेड के कुपोषण उपचार केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उपायुक्त ने केंद्र की व्यवस्थाओं, बच्चों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और उनके खान-पान की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।

इस दौरान एक बेहद संवेदनशील और भावुक पल देखने को मिला। केंद्र से पूरी तरह स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो रहे एक बच्चे को देखकर उपायुक्त खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने बच्चे को अपनी गोद में उठाकर काफी देर तक दुलार किया और उसके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उपायुक्त के इस आत्मीय व्यवहार ने वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों और बच्चे के परिजनों का दिल जीत लिया।

वहीं उपायुक्त ने कुपोषण उपचार केंद्र के वार्डों, रसोईघर और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पौष्टिक आहार के चार्ट की जांच की। उपायुक्त ने केंद्र में भर्ती बच्चों की माताओं और परिजनों से सीधे बातचीत की। उन्होंने पूछा कि बच्चों को समय पर भोजन, दूध और दवाइयाँ मिल रही हैं या नहीं, जिस पर परिजनों ने संतोष व्यक्त किया। तोपचांची के एमटीसी में 100% बेड ऑक्यूपेंसी और सेंटर के पूरे काम करने के तरीके पर उपायुक्त ने खुशी जताई।

उपायुक्त ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि कुपोषित बच्चों की देखभाल में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतेंगे। उन्होंने केंद्र में स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। जिले के हर कुपोषित बच्चे को सही उपचार और पोषण देकर स्वस्थ बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मौके पर विधायक टुंडी मथुरा प्रसाद महतो, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
———————————————-
25 जून से मुहर्रम पर्व की समाप्ति तक 24×7 प्रभावी रहेगा कंट्रोल रूम

0326 – 2311807, 112 है कंट्रोल रूम का फोन नंबर

सभी थाना व ओपी में रहेंगे दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी

सोशल मीडिया पर रहेगी मॉनिटरिंग सेल की कड़ी नजर

डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध

डीजे न्यूज, धनबाद: मुहर्रम को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी किया है।

जिसमें जिले को कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर एवं टुंडी जोन में बांटा है। सभी जोन में जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा सभी थाना व ओपी में पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही सभी थाना क्षेत्र में पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा। क्विक रिस्पॉन्स टीम भी मौजूद रहेगी।

मुहर्रम पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले समस्त ताजिया जुलूसों के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र, विशेष कर डीजे के प्रयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। साथ ही जुलूस के दौरान ताजिया अथवा झंडे की ऊंचाई झारखंड उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित निर्देशों के आलोक में तथा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में उल्लेखित दिशा निर्देश एवं मापदंडों के अनुरूप ही ताजिया जुलूस के आयोजन की अनुमति प्रदान की जाएगी। वहीं जिन मार्ग से होकर ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे उन मार्गों पर आवश्यकता अनुसार भारी वाहनों (हाइवा) के आवागमन को अस्थाई रूप से प्रतिबंधित किया जाएगा।

मुहर्रम के अवसर पर 2‌5 जून को दोपहर 2 बजे से 24×7 संयुक्त कंट्रोल रूम मुहर्रम त्यौहार की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे इसके संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। जबकि डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव पुलिस पदाधिकारियों के वरीय प्रभार में रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0326 – 2311807, 112 है।

सभी थाना व ओपी में रहेंगे दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी

धनबाद, बैंक मोड़, सरायढेला, धनसार, झरिया, जोरापोखर, सुदामडीह, पाथरडीह, तिसरा, सिंदरी, बलियापुर, केंदुआडीह, पुटकी, लोयाबाद, जोगता, कतरास, राजगंज, महुदा, मधुबन, बरोरा, तेतुलमारी, बाघमारा, तोपचांची, हरिहरपुर, बरवाअड्डा, गोविंदपुर, टुंडी, पुर्वी टुंडी, मनियाडीह, निरसा, चिरकुंडा थाना तथा भूली ओपी, घनुआडीह, बोर्रागढ़, भौंरा, लोदना, अलखडीहा, गौशाला, मुनिडीह, भागाबांध, अंगारपथरा, कपूरिया, रामकनाली, गोंदुडीह, खरखरी, ईस्ट बसुरिया, सोनारडीह, धर्माबांध, कालूबथान, कुमारधुबी, मैथन, गलफरबाड़ी, खरखरी, भाटडीह एवं पंचेत ओपी में पुलिस पदाधिकारियों के साथ साथ दंडाधिकारी तथा चलंत दस्ता रहेगा।

लगातार भ्रमणशील रहेगा पुलिस का चलंत दस्ता

पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा। वहीं अनुमंडल दंडाधिकारी, सभी डीएसपी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर डीएसपी, साइबर थाना प्रभारी व्हाट्सएप ग्रुप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए रखेंगे। साथ-साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूरे अनुमंडल क्षेत्र में विधि व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

मुहर्रम के अवसर पर सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक, लोक शांति या विधि व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पर पुलिस के सोशल मीडिया मोनिटरिंग सेल की विशेष निगरानी रहेगी। ऐसा करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत एवं नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त आदेश में विधि व्यवस्था एवं प्रशासनिक नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए सभी राजपत्रित पदाधिकारी एवं पर्यवेक्षक मुख्यालय में मौजूद रहेंगे। पुलिस कर्मियों का अवकाश भी तात्कालिक प्रभाव से स्थगित किया गया है।

संयुक्त आदेश में पेयजल आपूर्ति, साफ सफाई, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर दिशा निर्देश दिए गए हैं।
———————————————–
मोहर्रम को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट

शहर के विभिन्न इलाकों में निकाला गया फ्लैग मार्च
डीजे न्यूज, धनबाद: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार के निर्देश पर बुधवार को सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस कंट्रोल रूम से व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी दर्ज कराना तथा असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना था कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फ्लैग मार्च में सिटी हॉक्स की टीम, विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी, जवान तथा पुलिस वाहन शामिल रहे। मार्च पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर हिल कॉलोनी, पम्पू तालाब, बरमसिया पुल, गजुआटांड, गोल बिल्डिंग, मनाईटांड, डुमरियाटांड, टिकियापाड़ा,  रेलवे सिनेमा रोड, स्टेशन साउथ साइड, बैंक मोड़, नया बाजार, कमर मखदूमी रोड, रहमतगंज, आरा मोड़, शमशेर नगर, आजाद नगर, भारत चौक, पांडरपाला, पॉलिटेकनिक रोड, बेकारबांध, सिटी सेंटर तथा रणधीर वर्मा रोड सहित शहर के कई प्रमुख एवं संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद भी किया। अधिकारियों ने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ मोहर्रम मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर है।

धनबाद पुलिस द्वारा मोहर्रम को लेकर विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है। पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, गश्ती दलों की सक्रियता, त्वरित कार्रवाई दल की उपलब्धता तथा सीसीटीवी, ड्रोन और अन्य तकनीकी माध्यमों से निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने तथा स्थिति पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

शहर के अलावा ग्रामीण और कोयलांचल क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में झरिया, कतरास और गोविंदपुर क्षेत्र में भी स्थानीय पुलिस के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। इन क्षेत्रों में पुलिस ने प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों तथा संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति बनाए रखने की अपील की।

फ्लैग मार्च में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के साथ डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय, डीएसपी ट्रैफिक रोहित साव, डीएसपी सीसीआर प्रदीप साव समेत कई थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जवान मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top