मोहर्रम पर डीजे और आग के करतब पर रहेगा प्रतिबंध, पचम्बा थाना की शांति समिति बैठक में दिए गए निर्देश

मोहर्रम पर डीजे और आग के करतब पर रहेगा प्रतिबंध, पचम्बा थाना की शांति समिति बैठक में दिए गए निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पचम्बा थाना परिसर में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी रविंद्र कुमार राणा ने की। इस दौरान मोहर्रम जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पचम्बा थाना इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन कुमार, थाना प्रभारी राजीव कुमार, बड़ा बाबू मोहम्मद बबलू, नगर निगम के अर्बन प्लानर मंजूर आलम तथा जिला अग्निशमन पदाधिकारी रवि रंजन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि झारखंड उच्च न्यायालय, रांची के निर्देशानुसार मोहर्रम जुलूस में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही आग के करतब और अन्य जोखिमपूर्ण खेलों के प्रदर्शन पर भी रोक रहेगी। पचम्बा थाना क्षेत्र की करीब 20 अखाड़ा समितियों से प्रत्येक समिति के 10-10 स्वयंसेवकों की तैनाती तथा जुलूस के रूट चार्ट को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने पेयजल, बिजली, साफ-सफाई एवं चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर संबंधित अधिकारियों ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में निर्मल वर्मा, सिराज अंसारी, महताब मिर्जा, सब्बीर आलम, जाकिर हुसैन, अनवर अंसारी, महबूब आलम, कृष्ण साव सहित विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अंत में प्रशासन ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top