नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की युवाओं से की अपील
डीजे न्यूज, धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) कार्यालय ने स्पोर्ट्स एंड फिजिकल एजुकेशन सेंटर (एसपीईसी) के सहयोग से बुधवार को नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत एक वॉकाथॉन का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
वॉकाथॉन में छात्रों, कर्मचारियों और संस्थान के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने कैंपस में पैदल मार्च कर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया तथा युवाओं से नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की।
इस दौरान प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से योग, वेलनेस और नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने की शपथ ली।
गौरतलब है कि आईआईटी (आईएसएम) में 17 से 26 जून तक “नशा मुक्त भारत अभियान, विकसित भारत की पहचान” थीम के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत ऑनलाइन शपथ, प्रतियोगिताएं और अन्य जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।