राज्यसभा चुनाव पर आरोप-प्रत्यारोप तेज, भाकपा माले ने कांग्रेस प्रभारी के बयान को बताया बेबुनियाद

राज्यसभा चुनाव पर आरोप-प्रत्यारोप तेज, भाकपा माले ने कांग्रेस प्रभारी के बयान को बताया बेबुनियाद

डीजे न्यूज, तिसरा,धनबाद : झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रभारी के. राजू के बयान पर भाकपा माले ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाकपा माले जिला कमेटी धनबाद ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और तथ्यों से परे बताते हुए उनका खंडन किया है।

रविवार को गोलकडीह, झरिया स्थित भाकपा माले के आवासीय कार्यालय में जिला सचिव बिंदा पासवान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने भाकपा माले पर महागठबंधन के पक्ष में मतदान नहीं करने का आरोप लगाया था, जबकि यह पूरी तरह तथ्यहीन है।

उन्होंने बताया कि भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी इन आरोपों को खारिज करते हुए पार्टी का पक्ष स्पष्ट किया है। साथ ही इस पूरे मामले से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र भेजकर अवगत कराया गया है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि भाकपा माले हमेशा अपने सिद्धांतों, जनसंघर्षों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रही है। मजदूरों, किसानों, दलितों, आदिवासियों तथा शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई पार्टी की पहचान रही है।

भाकपा माले ने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए इस तरह के बयान महागठबंधन की एकता और आपसी विश्वास को कमजोर कर सकते हैं। पार्टी ने कांग्रेस नेतृत्व से के. राजू के बयान पर उचित संज्ञान लेने तथा भविष्य में इस तरह के आधारहीन आरोपों से बचने की मांग की है।

इस अवसर पर सुभाष सिंह, विजय पासवान, राजेंद्र पासवान, करण पासवान, संजय पासवान समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top