ग्रामीणों की शिकायत पर हरकत में आया प्रशासन, काशियाडीह में राशन वितरण दो दिनों में पूरा करने का आदेश
डीजे न्यूज, पीरटांड़, गिरिडीह : कुडको पंचायत के काशियाडीह गांव में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण में कथित अनियमितता की शिकायत के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को मामले की जांच की। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी परितोष कुमार एवं एजीएम कृष्णा नीलम ने गांव पहुंचकर लाभुकों और ग्रामीणों से बातचीत की तथा उनकी शिकायतों की विस्तार से जानकारी ली।
जांच के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद का समाधान कराया। साथ हीराशन वितरण गड़बड़ी पर प्रशासन की सख्ती, डीलर को दो दिन का अल्टीमेटम पीडीएस डीलर बालेश्वर हांसदा को सख्त निर्देश दिया कि आगामी दो दिनों के भीतर सभी लाभुकों के बीच नियमानुसार राशन का वितरण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 19 जून को काशियाडीह गांव के ग्रामीणों ने पीडीएस डीलर पर राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को आवेदन सौंपा था। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा सभी लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराने की मांग की थी। शिकायत के बाद प्रशासन ने तत्काल जांच कर आवश्यक निर्देश जारी किए।