आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार की दी जानकारी
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद रेल मंडल एवं एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को धनबाद रेलवे स्टेशन के परिसर में “रेल सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा यात्रियों एवं कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। साथ ही रेल यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों तथा जिम्मेदार नागरिक एवं यात्री के रूप में कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा स्वच्छता विषय पर एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से यात्रियों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, रेलवे परिसरों को साफ-सुथरा रखने तथा सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक मनीष सौरभ सहित मंडल के अन्य अधिकारी, एनजीओ के सदस्य तथा बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी एवं यात्रीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों के बीच स्वच्छता, रेल सुरक्षा, महिला सुरक्षा, प्लेटफॉर्म टिकट के महत्व, यात्री अनुशासन, व्यक्तिगत सामान की सुरक्षा तथा सीपीआर एवं प्राथमिक चिकित्सा संबंधी जागरूकता का प्रसार करना था। धनबाद रेल मंडल यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे ।