सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों को मिला ‘स्कॉलर बैच’

सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों को मिला स्कॉलर बैच

सफलता का आधार कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और अनुशासन है : जोरावर सिंह सलूजा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल, मोतीलेदा में शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘स्कॉलर बैच सेरेमनी’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा पहली से बारहवीं तक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले टॉप-4 विद्यार्थियों को ‘स्कॉलर बैच’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा, निदेशक रमनप्रीत कौर सलूजा, उप-प्राचार्य सूरज कुमार लाला एवं सीनियर एडमिनिस्ट्रेटर रूपा मुद्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह का संचार किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ममता शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल अच्छे अंक प्राप्त करने का नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा को पहचानकर उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने कहा कि सफलता का आधार कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और अनुशासन है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि विद्यालय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

सम्मानित विद्यार्थियों को ‘स्कॉलर बैच’ पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके चेहरे गर्व और खुशी से खिल उठे। पूरे सभागार में तालियों की गूंज के बीच छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था। समारोह के अंत में अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रेरणा बन गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top