भारतवर्ष के महान मनीषियों का अनुपम उपहार है योग : प्रधान जिला न्यायाधीश 

भारतवर्ष के महान मनीषियों का अनुपम उपहार है योग : प्रधान जिला न्यायाधीश 

 व्यवहार न्यायालय, मंडल कारा एवं वृद्धाश्रम स्नेहदीप में योग शिविर का आयोजन 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर गिरिडीह, मंडल कारा एवं वृद्धाश्रम स्नेहदीप में योग शिविर का आयोजन किया गया। उच्च न्यायालय, झारखंड रांची एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह मार्तंड प्रताप मिश्रा के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यह आयोजन किया गया। इस योग शिविर का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह ने किया। तत्पश्चात प्रशिक्षित योग गुरु आनंद राणा के द्वारा बताए गए योग के विभिन्न आसनों को समस्त न्यायिक पदाधिकारियों तथा न्यायिक कर्मचारियों ने किया। इस मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार मार्तंड प्रताप मिश्रा ने कहा कि वास्तव में योग समस्त मानव प्रजाति के कल्याण के लिए हमारे भारतवर्ष के महान मनीषियों के द्वारा दिया गया अनुपम उपहार है। आज की इस व्यस्ततम दिनचर्या एवं तनाव भरे माहौल के दौर में हम सभी लोगों को निरंतर योग करना चाहिए ताकि हम अपने शरीर स्वस्थ रख सकें।

इस संबंध में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार मो सफदर अली नैयर ने योग दिवस की महत्ता को बतलाते हुए कहा कि योग के द्वारा शरीर के साथ-साथ मन मस्तिष्क को भी स्वस्थ रखा जा सकता है। साथ ही गिरिडीह जिले के सभी प्रखंडों एवं अन्य संस्थानों में संचालित किए जा रहे विधिक सहायता केंद्रों में भी पारा लीगल वालंटियर्स एवं पैनल अधिवक्ताओं के माध्यम से योग शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि व्यवहार न्यायालय के सभी न्यायिक पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतिदिन योग निश्चित तौर पर करना चाहिए।योग के माध्यम से हमारी कार्य क्षमता एवं कार्य कुशलता में वृद्धि होती है। आज योग के माध्यम से समस्त मानव प्रजाति को जोड़ने की दिशा में भारतवर्ष के द्वारा पहल किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी न्यायिक पदाधिकारीयों एवं सभी न्यायिक कर्मचारियों एवं पारा लीगल वॉलिंटियर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top