मधुबन में श्रुत पंचमी पर निकली पालकी यात्रा, पंच बालयति मंदिर का भूमिपूजन 

Advertisements

मधुबन में श्रुत पंचमी पर निकली पालकी यात्रा, पंच बालयति मंदिर का भूमिपूजन 

डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : शाश्वत तीर्थराज श्री सम्मेद शिखरजी स्थित श्री दिगंबर जैन बीसपंथी कोठी, मधुबन में श्रुत पंचमी पर्व, मुनि प्रशमानंद जी महाराज के 49वें अवतरण दिवस तथा पंच बालयति मंदिर, रथ एवं शास्त्र मंदिर के भूमिपूजन को लेकर आयोजित दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य वसुनंदी जी महाराज के सान्निध्य में हुआ। इस दौरान जय मंदिर एवं युगल वेदी का शिलान्यास, सम्मेद शिखर का ताम्रपत्र षट्खंडागम ग्रंथ स्थापना तथा श्रुत वेदी प्रतिष्ठा जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। 18 जून को 12×18 फीट के महाध्वज का आरोहण किया गया। वहीं पंच बालयति मंदिर एवं युगल वेदी के शिलान्यास और भूमिपूजन का कार्य कोठी अध्यक्ष प्रशांत कुमार जैन तथा महामंत्री संजय पापड़ीवाल ने परिवार के साथ संपन्न कराया।

मुनि प्रशमानंद जी महाराज के अवतरण दिवस पर पाद प्रक्षालन, गुरु पूजा, शास्त्र भेंट, विनयांजलि एवं महाआरती का आयोजन किया गया। श्रुत पंचमी पर्व पर गुरुवार को भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। साथ ही श्री सम्मेद शिखर का प्रथम ताम्रपत्र षट्खंडागम ग्रंथ स्थापना का ऐतिहासिक कार्य भी संपन्न हुआ। संतों और विद्वानों ने अपने संबोधन में जैन आगमों के संरक्षण, श्रुत परंपरा तथा धर्म-संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला। मौके पर कोठी ट्रस्टी कमलेश जैन, कार्यकारी प्रबंधक कपिल चौगुले, सहायक प्रबंधक मनोज जैन, नागेंद्र कुमार सिंह, पंकज जैन, दीपक जैन, बीएन चौगुले, विशाल जैन, ऋषभ जैन, संजय जैन, रूपेश जैन, रवि जैन, मनीष जैन, रितेश जैन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोठी के ट्रस्टियों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top