नशा मुक्ति का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे उत्कृष्ट विद्यालय पचंबा के छात्र

नशा मुक्ति का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे उत्कृष्ट विद्यालय पचंबा के छात्र

800 बच्चों ने निकाली जागरूकता प्रभात फेरी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, पचंबा में गुरुवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा से हुई, जहां शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई गई।

शपथ ग्रहण के बाद विद्यालय के लगभग 800 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी का नेतृत्व विद्यालय के वरिष्ठ छात्र स्कूल का बैनर लेकर कर रहे थे, जबकि अन्य छात्र-छात्राएं हाथों में नशा मुक्ति संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लिए हुए चल रहे थे। विद्यालय के बैंड दल की आकर्षक प्रस्तुति ने प्रभात फेरी को विशेष रूप से प्रभावशाली बना दिया।

प्रभात फेरी सुबह 7:30 बजे विद्यालय परिसर से शुरू होकर पचंबा चौक, रज्जाक चौक, मुख्य बाजार, गर्ल्स हाई स्कूल, पेठियाटांड़ होते हुए लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तय कर सुबह 8:15 बजे पुनः विद्यालय पहुंची। पूरे मार्ग में छात्र-छात्राएं “नशा मुक्त भारत” के समर्थन में जागरूकता के नारे लगाते रहे, जिससे आम लोगों का ध्यान इस अभियान की ओर आकर्षित हुआ।

सुबह के समय बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने प्रभात फेरी को देखा और इसके उद्देश्य की सराहना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। यह आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य केशव कुमार एवं शारीरिक शिक्षक रणधीर राय के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top