एसके राय की पुण्यतिथि पर श्रमिकों ने दी श्रद्धांजलि, पेंशन रिवीजन की उठी मांग
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : लोदना क्षेत्र के नॉर्थ साउथ तीसरा परियोजना हाजिरी घर में मंगलवार को राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) के भूतपूर्व महामंत्री एवं भूतपूर्व झरिया विधायक, मजदूर मसीहा स्व. एस.के. राय की 26वीं पुण्यतिथि मनाई गई। राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन की लोदना क्षेत्रीय कमेटी एवं परियोजना के मजदूरों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्व. राय को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर यूनियन के क्षेत्रीय सचिव सुनील राय ने कहा कि राय साहब सदैव मजदूर हितों के लिए संघर्षरत रहे। उन्होंने कहा कि कोयला उद्योग में पेंशन स्कीम लागू कराने में स्व. एस.के. राय का अहम योगदान रहा, जिसके फलस्वरूप आज कोयला कर्मियों और अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन का लाभ मिल रहा है।
सुनील राय ने कहा कि स्व. राय द्वारा लागू कराई गई पेंशन स्कीम का आज तक रिवीजन नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि यदि राय साहब कुछ दिन और जीवित रहते तो निश्चित रूप से पेंशन रिवीजन हो गया होता और कोयला कर्मियों को सम्मानजनक पेंशन मिल रही होती। उन्होंने सभी श्रमिक संगठनों से आग्रह किया कि राय साहब के सपनों को साकार करने के लिए एकजुट होकर पेंशन रिवीजन की लड़ाई लड़ें, ताकि सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानजनक पेंशन मिल सके।
कार्यक्रम में संतोष मोदक, शैलेन्द्र प्रसाद सिंह, बीरेंद्र पासी, महिपाल सिंह, दीपक राय, राजू राय, उमाशंकर साही, अर्जुन विश्वकर्मा, लक्खी देवी, तेजा बेलदार, धनंजय सिंह, अनिमेष सिंह, कन्हैया लाल सिंह, महेंद्र नोनिया, धर्मेंद्र रवानी, संजय सिंह, माधुरी देवी, अनिता देवी, सुदर्शन प्रसाद सिंह, राजेश शर्मा एवं संजय निषाद सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे। सभी ने स्व. एस.के. राय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।