ससुराल गए पेटरवार के युवक की निर्मम हत्या, लोधरिया जंगल में पेड़ पर लटकता मिला शव
युवक के परिजनों ने ससुरालवालों पर लगाया हत्या का आरोप, महज दो माह पूर्व हुई थी शादी, पत्नी ससुराल में रहने को नहीं थी तैयार, पत्नी की विदाई के लिए बागेश्वरधाम से सीधे ससुराल पहुंचा था बिरेंद्र नायक
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : ससुराल गए पेटरवार के बिरेंद्र कुमार नायक नामक करीब 30 वर्षीय युवक की टुंडी के लोधरिया जंगल में बरगद के पेड़ पर सोमवार की सुबह शव लटकता मिला है। युवक की निर्ममता से हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है। हत्या उसी जगह हुई है या फिर किसी दूसरे जगह हत्या कर शव को यहां लटकाया गया है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच कर रही है।
युवक की महज करीब दो महीने पहले शादी हुई थी। मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं और हत्या का आरोप अपने बेटे के ससुरालवालों पर लगा रहे हैं। युवक के ससुराल के लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित परिजन शव को उठाने नहीं दे रहे हैं। टुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है और परिजनों को समझाबुझा कर शव को उठाने की कोशिश कर रही है। युवक का ससुराल गोविंदपुर थाना अंतर्गत टुंडी के महराजगंज से सटे चैनपुर में है। मृतक युवक के पिता लखन नायक का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बहू उनके यहां रहना नहीं चाह रही थी। मुश्किल से पांच से सात दिन वह उनके घर में रही थी। युवक के पिता ने बताया कि उनकी बहू ससुराल में रहने को तैयार नहीं थी। मेरा बेटा पहले बागेश्वरधाम गया था। वहां से वह अपनी पत्नी को लाने के लिए सीधे अपने ससुराल चैनपुर 13 जून को पहुंचा था। दूसरे दिन से ही उसका कुछ अता-पता नहीं चल रहा था। आज सोमवार को उसका शव मिलने की जानकारी मिली।
इधर जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार रविवार दोपहर से ही बिरेंद्र का मोबाइल ऑफ था। सोमवार की अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे उसका मोबाइल ऑन हुआ। उसके बाद मोबाइल से लोकेशन पता लगाकर परिजन गोविंदपुर-टुंडी-गिरिडीह मार्ग पर लोधरिया कटिंग पुल तक पहुंचे। वहां से करीब 50 मीटर अंदर जंगल में जाने पर एक बरगद पेड़ पर उसका शव लटका हुआ था। तुरंत टुंडी थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जब पेड़ से शव को नीचे उतारा तो शव की स्थिति देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए। पैर, गर्दन से लेकर शरीर के कई अंगों में चाकू से वार किया गया था। उसकी दोनों आंखें भी फोड़ दी गई थी। गरम रड से शरीर पर दागने के भी निशान मिले हैं। टुंडी थाना पुलिस ने घटना की पूरी जानकारी गोविंदपुर थाना पुलिस को दे दी।
इस संबंध में टुंडी के थाना प्रभारी उमाशंकर ने बताया कि मामला गोविंदपुर थाने का है। दो दिन पूर्व उक्त युवक के लापता होने की शिकायत गाेविंदपुर थाने में की गई थी। पुलिस उसकी तलाश भी कर रही थी। आज उसका शव पेड़ पर लटकता ग्रामीणों ने देखा था। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।