मजदूरों के मसीहा सूर्यदेव सिंह की 35वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब
दिव्यांगों को मिली स्कूटी, रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): धनबाद कोयलांचल के श्रमिक आंदोलन के प्रमुख स्तंभ और मजदूरों के मसीहा के रूप में विख्यात झरिया के पूर्व विधायक स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह की 35वीं पुण्यतिथि सोमवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर झरिया कतरास मोड़ स्थित सिंह मेंशन कार्यालय में अखंड कीर्तन, श्रद्धांजलि सभा, रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। साथ ही उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पुण्यतिथि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम के दौरान झरिया विधायक रागिनी सिंह के सौजन्य से नौ दिव्यांगजनों के बीच स्कूटी का वितरण किया गया। स्कूटी का वितरण झरिया की पूर्व विधायक कुंती देवी ने किया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पूर्व विधायक कुंती सिंह, झरिया विधायक रागिनी सिंह, मेयर संजीव सिंह, सिद्धार्थ गौतम, किरण सिंह, ज्योति सिंह, मिनी गौतम, शताक्षी सहित सिंह परिवार के सदस्य प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम में धनबाद के पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, गिरिडीह के पूर्व सांसद रविन्द्र नाथ पांडेय, सारठ के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा, धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर अरुण चौहान, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा, भाजपा नेत्री तारा देवी, निरसा की पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, भारतीय जनता युवा मोर्चा धनबाद महानगर अध्यक्ष नित्यानंद मंडल समेत कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि आज भी लोग उनके कार्यों को नहीं भूले हैं। इतने वर्षों बाद भी धनबाद-झरिया की जनता का उन्हें मिलने वाला प्रेम और सम्मान इस बात का प्रमाण है कि उन्होंने समाज और मजदूरों के लिए जीवनभर समर्पित होकर कार्य किया।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह के कुछ ऐसे पुण्य कार्य रहे होंगे जिन्हें जनता आज तक नहीं भूली है। मजदूर हित में किए गए उनके संघर्ष और कार्यों को लोग आज भी याद करते हैं। उन्होंने कहा कि चार बार विधायक रहे सूर्यदेव सिंह के प्रति लोगों की श्रद्धा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों से लोग हर वर्ष उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं।
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह ने मजदूरों के अधिकारों और सम्मान के लिए जो संघर्ष किया, उसे आज भी कोयलांचल की जनता नहीं भूली है। उनके द्वारा किए गए जनहित एवं श्रमिक हित के कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह के जीवन, संघर्ष और मजदूरों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए उन्हें कोयलांचल की राजनीति और श्रमिक आंदोलन का एक युगपुरुष बताया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और पूरे दिन श्रद्धांजलि अर्पित करने का सिलसिला जारी रहा।