यमुना सहाय स्मृति दिवस पर एकजुटता रैली निकाल दोहराया संघर्ष का संकल्प
डीजे न्यूज, तिसरा (धनबाद) : लोदना स्थित दुर्गा मंदिर क्लब परिसर में शनिवार को कॉमरेड यमुना सहाय की 19वीं स्मृति दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) सीपीआई(एम) झरिया लोकल कमिटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कॉमरेड यमुना सहाय के जीवन, संघर्ष और विचारों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि कॉमरेड यमुना सहाय एक शिक्षक, प्रखर वक्ता और कुशल संगठनकर्ता थे। उन्होंने देश के सबसे बड़े दुश्मन साम्राज्यवाद और सांप्रदायिकता के खिलाफ वैचारिक तथा जन आंदोलनों को आगे बढ़ाने पर हमेशा जोर दिया। युवाओं को दिशा देते हुए उन्होंने “दो हाथों को काम दो, फिर मशीन का नाम लो” का नारा दिया था। वक्ताओं ने कहा कि इस नारे और संघर्ष के कारण आज भी साइडिंग में लोगों को रोजगार मिल रहा है और उनके घरों का चूल्हा जल रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में कई निर्णायक आंदोलन हुए। इनमें लोदना बाजार के फुटपाथ सब्जी विक्रेताओं के अधिकारों की लड़ाई, “आग बुझाओ-रेल चलाओ” आंदोलन तथा माफियाओं के खिलाफ मजदूरों के हक की लड़ाई प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि उनके संघर्ष और अनुभव आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं।
संकल्प सभा में वक्ताओं ने कॉरपोरेट, आरएसएस और भाजपा के गठजोड़ वाली केंद्र की मोदी सरकार को देश के लिए खतरा बताते हुए कहा कि देश की आजादी और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखना होगा। भोजन, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, विस्थापन और पर्यावरण जैसे मुद्दों पर आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर खपड़ा धौड़ा से एकजुटता रैली निकाली गई। रैली में शामिल लोगों के हाथों में “कॉ यमुना सहाय हम तुम्हें नहीं भूलेंगे”, “मजदूरों का नारा है, झंडा लाल हमारा है” तथा “निकलो घर-मकानों से, जंग लड़ो बेइमानों से” जैसे नारों वाले फेस्टून थे। रैली लोदना के विभिन्न मोहल्लों और लोदना बाजार का भ्रमण करते हुए दुर्गा मंदिर क्लब पहुंची।
रैली के समापन के बाद सर्वप्रथम कॉमरेड यमुना सहाय की तस्वीर पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। सभा को सीपीआई(एम) जिला सचिव मंडल सदस्य एवं सीटू जिला महामंत्री कॉ राम कृष्णा पासवान तथा सीपीआई(एम) राज्य कमिटी सदस्य एवं डीएसएमएम राष्ट्रीय सचिव कॉ शिव बालक पासवान ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉ भगवान दास, बीसीकेयू लोदना एरिया उपाध्यक्ष कॉ धर्मेंद्र राय तथा अवधेश पासवान ने की।
मौके पर धर्मेंद्र राय, प्रजा पासवान, हराधन रजवार, विंदा पासवान, नौशाद अंसारी, चक्रबर्ती, जितेंद्र निषाद, तुलसी रवानी, राम वृक्ष धाढ़ी, अरुण नोनियां, विनोद पासवान, राजेंद्र पासवान, मीना पासवान, नीरज पासवान, जियाउल रहमान, राम बालक, शंकर पासवान, कुंदन कुमार, धर्मराज धाढ़ी, अशोक कुमार निषाद, मनोज पासवान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
यमुना सहाय स्मृति दिवस पर एकजुटता रैली निकाल दोहराया संघर्ष का संकल्प
Advertisements