जमुआ में बाल श्रम के विरुद्ध विशेष अभियान, चार बच्चों को कराया मुक्त

Advertisements

जमुआ में बाल श्रम के विरुद्ध विशेष अभियान, चार बच्चों को कराया मुक्त

डीजे न्यूज, जमुआ (गिरिडीह) : जिला प्रशासन के आदेशानुसार एक्शन मंथ के दौरान बाल श्रम उन्मूलन एवं बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर शनिवार को जमुआ प्रखंड में विशेष जागरूकता एवं छापेमारी अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य बाल मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा बाल श्रम में संलिप्त बच्चों को मुक्त कराकर उन्हें उनके अधिकारों से जोड़ना था।

सर्वप्रथम जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठन बनवासी विकास आश्रम की टीम ने जमुआ प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अमल कुमार से मुलाकात की। इस दौरान बाल श्रम उन्मूलन, बाल संरक्षण एवं बच्चों के अधिकारों से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बीडीओ अमल कुमार ने कहा कि बाल मजदूरी कराना कानूनन अपराध है तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि प्रशासन बाल श्रम के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों को निरंतर समर्थन देता रहेगा। इस दिशा में कार्य कर रही संस्थाओं को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने बनवासी विकास आश्रम एवं जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

इसके उपरांत टीम द्वारा हीरोडीह थाना में बाल श्रम निषेध एवं बाल अधिकारों को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी श्री महेश चंद्र सहित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम तथा बच्चों के संरक्षण से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही बाल श्रम के मामलों में त्वरित कार्रवाई एवं समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। जागरूकता कार्यक्रम के पश्चात श्रम विभाग, पुलिस प्रशासन एवं जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन-बनवासी विकास आश्रम की संयुक्त धावा दल टीम द्वारा जमुआ( कादंबरी ) क्षेत्र के विभिन्न होटलों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रिद्धि सिद्धि होटल से 1 बच्चा, सिमी स्वीट्स से 2 बच्चे तथा प्रिया अंजलि मिष्ठान भंडार से 1 बच्चा बाल श्रम करते हुए पाया गया। सभी बच्चों को तत्काल बाल श्रम से मुक्त कराते हुए आवश्यक कानूनी एवं पुनर्वास संबंधी प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अजय कुमार, बनवासी विकास आश्रम के सचिव सुरेश शक्ति, सीएसडब्ल्यू उज्जवल मिश्रा, उत्तम कुमार, हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र एवं पुलिस बल की सक्रिय सहभागिता रही। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है और इसके उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आने की आवश्यकता है।

अभियान के दौरान आम नागरिकों, होटल संचालकों एवं व्यवसायियों से अपील की गई कि वे किसी भी परिस्थिति में बच्चों से मजदूरी न कराएं तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में सहयोग करें। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि कहीं बाल श्रम की सूचना प्राप्त होती है तो संबंधित विभाग एवं प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

बाल श्रम के विरुद्ध चलाया गया यह संयुक्त अभियान क्षेत्र में बच्चों के अधिकारों की रक्षा एवं बाल संरक्षण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों ने भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रखने की बात कही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top