देर रात चला ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध अभियान, आठ वाहन जब्त
ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व मे सख्त कार्रवाई, 500 से अधिक वाहन चालकों की हुई जांच
डीजे न्यूज, धनबाद : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देशानुसार शुक्रवार की रात जिले में ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन सीएमआरआई गेट के समीप ट्रैफिक डीएसपी श्री रोहित कुमार साव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश समेत ट्रैफिक पुलिस के अन्य पदाधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
अभियान के तहत देर रात तक वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस टीम ने चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की तथा वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से जांच की। इस दौरान लगभग 500 से अधिक वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के क्रम में 8 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को जब्त कर लिया गया।
ट्रैफिक डीएसपी रोहित साव ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। ऐसे मामलों में चालक स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डाल देता है। इसी को देखते हुए जिले में लगातार जागरूकता अभियान के साथ-साथ विशेष जांच अभियान भी चलाए जा रहे हैं ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाई जा सके।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने के बाद वाहन नहीं चलाने की सलाह दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।