जीटी रोड पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12 ओवरलोड भारी वाहन जब्त

Advertisements

जीटी रोड पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12 ओवरलोड भारी वाहन जब्त

बगोदर से 10 और निमियाघाट से 2 वाहन पकड़े गए, नियम उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा परिवहन नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में जीटी रोड पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच की गई। जांच में निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर परिचालन कर रहे कुल 12 ओवरलोड भारी वाहनों को जब्त किया गया। इनमें बगोदर थाना क्षेत्र से 10 तथा निमियाघाट थाना क्षेत्र से दो वाहन शामिल हैं। जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि ओवरलोड वाहनों का परिचालन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को बढ़ाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग द्वारा नियमित रूप से निगरानी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों एवं मालिकों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

जिला प्रशासन ने सभी वाहन मालिकों एवं परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों से निर्धारित भार सीमा एवं परिवहन नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था को बनाए रखा जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top