बिरसा मुंडा के संघर्ष और आदर्श आज भी प्रासंगिक : शिवबालक पासवान

Advertisements

बिरसा मुंडा के संघर्ष और आदर्श आज भी प्रासंगिक : शिवबालक पासवान

डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : शहीद बिरसा मुंडा की 126वीं शहादत दिवस के अवसर पर मंगलवार को लोदना दुर्गा मंदिर के समक्ष भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) झरिया लोकल कमिटी की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी की राज्य कमिटी के सदस्य कामरेड शिव बालक पासवान ने कहा कि शहीद बिरसा मुंडा ने महाजनी प्रथा तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि अंग्रेज फिरंगियों ने गद्दारों की सूचना के आधार पर बिरसा मुंडा को गिरफ्तार कर जेल में बंद किया और वहीं उनकी हत्या कर दी। उनका संघर्ष, त्याग और आदर्श आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा को याद करते हुए उनके बताए रास्तों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर कामरेड नारायण चक्रवर्ती ने कहा कि बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद और भैरव जैसे महान योद्धाओं ने संयुक्त बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासियों तथा अन्य शोषित वर्गों पर हो रहे अत्याचार, जुल्म और शोषण के खिलाफ उलगुलान का बिगुल फूंका था। उन्होंने कहा कि आज भी भाजपा शासित सरकार की नीतियों के कारण साहूकारी और महाजनी व्यवस्था का बोझ आदिवासियों एवं अन्य वर्गों पर थोपा जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जल, जंगल और जमीन को महाजनों के मुनाफे के लिए देश के कई राज्यों में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई की जा रही है। उत्पादन और विकास के नाम पर जमीनों की खुदाई हो रही है तथा पानी और हवा को दूषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के संघर्षों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलकर महाजनी सभ्यता, शोषण, जुल्म, भ्रष्टाचार, महंगाई और आर्थिक असमानता के खिलाफ संघर्ष करने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में झरिया लोकल कमिटी के प्रभारी कामरेड रामकृष्ण पासवान, नौशाद अंसारी, रामवृक्ष धारी, विनोद पासवान, शंकर पासवान, प्रजा पासवान, आनंदी पासवान, हेमंत बावरी तथा मनोज पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भगवान दास ने की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top