बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा : रामनिवास यादव
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त समेत पूरे प्रशासनिक महकमें ने किया नमन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त, श्रीमती स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता, श्री वैभव कुमार सिंह सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कार्यालय प्रधानों, अधिकारियों एवं कर्मियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, स्वाभिमान और जन अधिकारों के प्रतीक थे। उन्होंने आदिवासी समाज सहित वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध संघर्ष का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को एक नई दिशा प्रदान करता है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक न्याय एवं स्वाभिमान की लड़ाई लड़कर इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा। श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष एवं योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।