सदर अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड व मॉडर्न लॉन्ड्री मशीन का उद्घाटन
आमजनों को न्यूनतम दर पर मिलेगी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं : उपायुक्त
एमआरआई व सीटी स्कैन लगाने की है योजना
डीजे न्यूज, धनबाद: सदर अस्पताल में मंगलवार को उपायुक्त आदित्य रंजन ने फीता काटकर एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, डेंटल एक्स-रे व आधुनिक लॉन्ड्री मशीन का उद्घाटन किया।
उद्घाटन करने के बाद उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री का सपना है कि राज्य के हर व्यक्ति को निःशुल्क या न्यूनतम दर पर उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा मिले।
इस कड़ी में बंधन बैंक ने सीएसआर से सदर अस्पताल को एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, डेंटल एक्स-रे व आधुनिक लॉन्ड्री मशीन प्रदान किए हैं। अब यहां आने वाले आम जनों को न्यूनतम दर पर उत्कृष्ट सेवा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में हर व्यवस्था सुदृढ़ हो जाने से एक ही छत के नीचे 24×7 लोगों का इलाज संभव हो सकेगा।
उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल ने विगत एक वर्ष में अप्रत्याशित उपलब्धि हासिल की है। प्रतिदिन 600 से 700 लोग ओपीडी में आते हैं। अस्पताल में आधुनिक उपकरणों एवं चिकित्सकों की बेहतरीन टीम के कारण जटिल से जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं। इस अस्पताल में गरीब लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ भी मिलता है। इसके कारण धनबाद जिले के अलावा पड़ोसी जिले से भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल को जल्दी एमआरआई, सीटी स्कैन, मॉड्यूलर आईसीयू, मॉड्यूलर किचन, ओटी के अलावा अन्य सारी सुविधाएं प्रदान की जाएगी। आने वाले समय में यह धनबाद का सर्वश्रेष्ठ अस्पताल बनाकर उभरेगा।
उन्होंने बताया कि अस्पताल के विस्तारीकरण की दिशा में कई कदम उठाए जा रहे हैं। जिसके तहत अतिरिक्त फ्लोर का निर्माण, विशाल कार व बाइक पार्किंग, आगंतुको के बैठने के लिए शेड सहित अन्य योजना शामिल है। कहा यह वर्ष धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए स्वर्णिम समय होगा।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद, बंधन बैंक के सहायक उपाध्यक्ष अनिमेष मिश्रा, डॉ मिहिर झा के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।