डीसीए रेड और डीसीए ग्रीन ने आसान जीत दर्ज की
डीजे न्यूज, धनबाद : इमेजिका डायग्नोस्टिक चैंपियंस लीग (जूनियर) में शनिवार को डीसीए रेड और डीसीए ग्रीन ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों के विरुद्ध आसान जीत दर्ज की। टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में डीसीए रेड ने डीसीए ब्लू को नौ विकेट से हराया। वहीं दूसरे मैच में डीसीए ग्रीन ने डीसीए येलो को 95 रनों से मात दी। पहले मैच में डीसीए रेड ने टास जीतकर डीसीए ब्लू को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। डीसीए ब्लू की टीम 17.5 ओवर में 97 रनों पर आउट हो गई। समर्थ कुमार ने 19, दीपक कोड़ा ने 16 और कुशल कुमार मंडल ने 14 रन बनाए। डीसीए रेड के लिए राजकुमार राय ने आठ, प्रिंस कुमार ने नौ, जिगर कुमार पासवान ने दस और प्रतीक यादव ने 24 रन देते हुए दो-दो विकेट चटकाए। बाद में डीसीए रेड ने प्रतीक यादव के अविजित 33 और दिशांक शेखर के अविजित 31 रनों की मदद से 12 ओवर में एक विकेट पर 98 रन बना मैच आसानी से जीत लिया। एकमात्र विकेट सोनू कुमार रवानी को मिला। प्लेयर आफ द मैच प्रतीक यादव को चुना गया। वहीं दूसरे मैच में डीसीए ग्रीन ने टास जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में छह विकेट पर 164 रन बनाए। प्रिंस यादव ने 28 दों में 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं गुरप्रीत सिंह ने 31 और आलोक राज वर्मा ने 25 रन बनाए। डीसीए येलो के लिए वीर सिंह, आयुष गुप्ता, नितिन कुमार और अंश कुमार महतो ने एक-एक विकेट लिए। बाद में डीसीए येलो की टीम 16.4 ओवर में 69 रनों पर आउट हो गई। वीर सिंह ने 19 और आयुष गुप्ता ने 17 रन बनाए। डीसीए ग्रीन की ओर से कुमार संभव ने छह पर तीन और कृष्णा पूर्ति ने 22 पर तीन विकेट लिए। कुमार संभव को प्लेयर आफ द मैच चुना गया।