जनहित के मुद्दों को दें प्राथमिकता: नितिन नवीन राजनीतिक व संगठनात्मक रणनीतियों पर दिया मार्गदर्शन

Advertisements

जनहित के मुद्दों को दें प्राथमिकता: नितिन नवीन

राजनीतिक व संगठनात्मक रणनीतियों पर दिया मार्गदर्शन

डीजे न्यूज, रांची:  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की। सर्वप्रथम उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इसके उपरांत प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में सांसदों, विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन की मजबूती, जनसेवा, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक रणनीतियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने भी भाग लिया तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने एवं क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के संबंध में अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता की सेवा और विकास के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा संगठन के मार्गदर्शन में झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, भाजपा बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह सहित पार्टी के विधायकगण, पदाधिकारी एवं अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

रागिनी सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा संगठन के निर्देशों के अनुरूप जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए भाजपा पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top