रेलकर्मियों की तत्परता से महिला यात्री को मिली चिकित्सीय सामग्री
डीजे न्यूज, धनबाद: रेलकर्मियों की तत्परता से ट्रेन में छूट गई सीटी स्कैन रिपोर्ट महिला यात्री को सकुशल वापस लौटाया गया। हुआ यूं कि गुरुवार को गाड़ी संख्या 11448 के चोपन स्टेशन से प्रस्थान करने के दौरान एक महिला यात्री ट्रेन के पीछे भाग रही थी। यह देख उमेश कुमार सिंह, सीआईटी/सीपीयू ने उस महिला यात्री को रोककर कारण पूछा गया। महिला ने बताया कि उसे रेणुकूट जाना था, लेकिन वह गलती से गलत ट्रेन में चढ़ गई थी। जब उसे अपनी भूल का एहसास हुआ तो वह ट्रेन से उतर गई, लेकिन उसकी बच्ची की महत्वपूर्ण सीटी स्कैन रिपोर्ट एवं दवाइयाँ ट्रेन में ही छूट गईं। यह बताते हुए वह अत्यंत व्यथित हो गयी तथा अपनी बच्ची के इलाज को लेकर चिंता व्यक्त करने लगी। महिला को सांत्वना देकर शांत कराया गया तथा तत्परता से कार्यरत चेकिंग स्टाफ एस.पी. सिंह, सीआईटी/बरकाकाना के सहयोग से ओबरा स्टेशन पर उसकी बच्ची की सीटी स्कैन रिपोर्ट एवं दवाइयाँ सुरक्षित रूप से प्राप्त कर आरपीएफ ओबरा को सुपुर्द कराई गईं । तत्पश्चात महिला को ऑटो रिक्शा के माध्यम से ओबरा भेजकर उसका सामान उसे सुरक्षित रूप से उपलब्ध कराया गया। अपनी आवश्यक चिकित्सा संबंधी सामग्री वापस मिलने पर महिला ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की तथा भारतीय रेल के प्रति आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया।