पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, कल्याणडीह में पौधरोपण कर दिया जागरूकता का संदेश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गिरिडीह शहरी क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 स्थित कल्याणडीह में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा शामिल हुईं। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी, वार्ड पार्षद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के महत्व का एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध और संतुलित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना आवश्यक है। पेड़ न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए भी अमूल्य हैं। शुद्ध पर्यावरण ही हमें स्वस्थ जीवन प्रदान करता है।
वहीं वन विभाग के रेंजर एस.के. रवि ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा ही हमारी अपनी सुरक्षा है। प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आए और अधिकाधिक पौधरोपण कर प्रदूषण मुक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाए। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया गया तथा लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।