उपायुक्त रामनिवास यादव ने सुनी सौ से अधिक फरियादियों की समस्याएं
त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे सौ से अधिक फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को सुना। जनता दरबार में भूमि विवाद, राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार कार्ड, आवास, पेयजल, विद्युत, राजस्व एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों को लेकर लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। सभी विभागीय अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ मामलों का निष्पादन करें।
उपायुक्त ने विशेष रूप से राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार कार्ड एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनता दरबार में प्राप्त कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराएं।