उपायुक्त की संवेदनशील पहल, बच्ची को तत्काल उपलब्ध कराई गई कान की मशीन
डीजे न्यूज, धनबाद: समाहरणालय में मंगलवार को उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में संवेदनशील प्रशासन की एक मिसाल देखने को मिली। जनता दरबार में तेतुलमारी थाना क्षेत्र के सिजुआ पोस्ट निवासी प्रीति कुमारी अपने परिजनों के साथ पहुंची। परिजनों ने उपायुक्त को बताया कि बच्ची श्रवण संबंधी समस्या से जूझ रही है तथा आर्थिक कठिनाइयों के कारण वह कान की मशीन उपलब्ध कराने में असमर्थ हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। त्वरित पहल करते हुए बच्ची को मौके पर ही कान की मशीन उपलब्ध कराई गई।
कान की मशीन मिलने के बाद प्रीति कुमारी एवं उसके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। साथ ही उपायुक्त ने बच्ची का दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने हेतु सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांग पेंशन हेतु सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगजनों, बच्चों एवं अन्य संवेदनशील वर्गों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांगजनों के कल्याण से संबंधित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे।