खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने की कवायद शुरू
डीजे न्यूज, धनबाद: प्रखंड कार्यालय गोविंदपुर में शनिवार को जिला खेल एवं पर्यटन विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता डीसी आदित्य रंजन ने की। बैठक में जिले में खेल एवं पर्यटन अवसंरचना के विकास, प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने निरसा, बाघमारा एवं मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही टुंडी, पूर्वी टुंडी, बलियापुर, कलियासोल एवं एग्यारकुंड में प्रस्तावित स्टेडियमों से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने तथा तोपचांची एवं गोविंदपुर स्टेडियम निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने कला भवन, धनबाद स्थित बैडमिंटन हॉल एवं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फुटबॉल के जीर्णोद्धार कार्य को शीघ्र पूरा कर तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, खेलो इंडिया सेंटर तथा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र का संचालन प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले में नए खेल प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके तहत मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग एवं गतका प्रशिक्षण केंद्र, तोपचांची में फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, गोविंदपुर में डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र तथा पार्क मार्केट मैदान में वॉलीबॉल डे-ट्रेनिंग सेंटर शुरू करने की योजना प्रस्तुत की गई। उपायुक्त ने इन प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रशिक्षण गतिविधियों को शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा खेल विभाग में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पे-एंड-प्ले योजना लागू करने तथा स्टेडियमों की ऑनलाइन बुकिंग एवं सदस्यता प्रबंधन के लिए वेबसाइट विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी अधिसूचित पर्यटन स्थलों का सूक्ष्म मूल्यांकन कर उपलब्ध संसाधनों एवं निधियों के माध्यम से मूलभूत तथा विकासात्मक सुविधाओं का विस्तार करने का निर्देश दिया। उन्होंने मैथन डैम के समग्र विकास के लिए मैथन टूरिज्म डेवलपमेंट अथॉरिटी के गठन का प्रस्ताव विभाग को भेजने तथा प्राथमिकता के आधार पर पर्यटन स्थलों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने को कहा।
बैठक में झारखंड टूरिस्ट ट्रेड पंजीकरण पोर्टल पर पर्यटन इकाइयों के पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही अखाड़ा निर्माण से संबंधित प्रस्तावों की नियमित विभागीय अनुश्रवण तथा जिले में सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में खेल एवं पर्यटन क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।
मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी जाहिर आलम, अंचल अधिकारी धर्मेंद्र दुबे समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।